नयी दिल्ली, 22 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल के औसत भाव घट गये। दालों और चीनी में भी गिरावट देखी गयी जबकि गेहूं कमोबेश पिछले दिवस के स्तर पर टिका रहा। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच रुपये घटकर 3,851 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 2,859 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। वहीं, आटे की कीमत नौ रुपये बढ़ी।
दाल-दलहनों में गिरावट रही। मसूर दाल औसतन 22 रुपये प्रति क्विंटल उतर गयी। उड़द दाल में 16 रुपये और तुअर दाल में 13 रुपये की गिरावट रही। चना दाल 12 रुपये और मूंग दाल 11 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा दो रिंगिट गिरकर 4,192 रिंगिट प्रति टन पर रहा। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.41 प्रतिशत फिसलकर 53.79 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सोया तेल की औसत कीमत 44 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। सूरजमुखी तेल 29 रुपये और सरसों तेल 14 रुपये महंगा हुआ। वहीं, वनस्पति की कीमत 40 रुपये और मूंगफली तेल की 22 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। पाम ऑयल 15 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 15 रुपये प्रति क्विंटल घटे। चीनी की कीमत भी चार रुपये घट गयी।
