
सारनी। सूने घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर एवं सहयोगी बालिका को सारनी पुलिस ने गिरफ्तार करने मे सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी के पास से पांच लाख रूपये का माल बरामद किया है. टी आई जयपाल इवनाती ने कहा कि पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने,आदतन अपराधियों एवं गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस द्वारा क्षेत्र में घटित चोरी की घटना में संलिप्त 01 आरोपी एवं 01 विधि विरुद्ध बालिका को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है.टीआई इवनाती ने बताया कि फरियादी राजेश पिता भाऊराव सूर्यवंशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी गुरुकृपा कॉलोनी बगड़ोना ने थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 13.01.2026 को उनकी रिश्तेदार अपनी दो बालिकाओं के साथ मेला घूमने हेतु बगड़ोना आई थीं एवं फरियादी के घर पर रुकी हुई थीं. बालिका घर से जाने के बाद फरियादी द्वारा अलमारी की जांच की गई, तो उसमें रखे सोने के जेवरात गायब पाए गए। पूर्व में भी संबंधित विधि विरुद्ध बालिका द्वारा घर में चोरी किए जाने की जानकारी होने से फरियादी को उक्त बालिका पर संदेह हुआ। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध क्रमांक 21/26, धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान विधि विरुद्ध बालिका से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने फरियादी के घर से चोरी किए गए जेवरात अपने परिचित धीरज उर्फ बिट्टू पिता राजू गोयल, उम्र 20 वर्ष, निवासी औद्योगिक क्षेत्र कोसमी, थाना कोतवाली, जिला बैतूल को दे दिए थे। उक्त जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी धीरज उर्फ बिट्टू गोयल को गिरफ्तार किया गया तथा उसके कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद किया गया.प्रकरण में आरोपी को 21.01.2026 को गिरफ्तार किया गया है तथा विधि विरुद्ध बालिका के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
