भोपाल: अशोका गार्डन स्थित श्री 1008 पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति में चुनाव न कराए जाने को लेकर जैन समाज के सदस्यों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन समिति के निवृतमान अध्यक्ष सचेंद्र जैन (गुडू) द्वारा समयावधि पूर्ण होने के बावजूद चुनाव घोषित न करने के विरोध में किया गया।समाजजनों का कहना है कि अध्यक्ष का दो वर्ष का कार्यकाल 16 अप्रैल 2025 को समाप्त हो चुका है, इसके बाद भी चुनाव न कराना समाज के मताधिकारों का हनन है।
साथ ही आरोप लगाया गया कि समिति के वार्षिक व द्विवार्षिक आय-व्यय का विवरण भी आमसभा बुलाकर समाज से अनुमोदित नहीं कराया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।प्रदर्शनकारियों ने समाजबंधुओं से अपील की कि वे अविलंब चुनाव घोषित कराने हेतु व्यक्तिगत व सामूहिक रूप से आग्रह कर समाजहित में सहयोग करें।
