मैंने भारत-पाक युद्ध रुकवाया, वरना परमाणु हथियार तक बात पहुंचती : ट्रंप

वॉशिंगटन, 21 जनवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच ‘युद्ध रुकवाने’ का दावा एक बार फिर दोहराते हुए बुधवार को कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकते थे लेकिन उनके हस्तक्षेप ने ऐसा होने से रोक लिया।

श्री ट्रंप ने अपने प्रशासन का एक साल पूरा होने पर व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा, “ये युद्ध रुकने वाले नहीं थे। कंबोडिया और थाईलैंड का युद्ध, कोसोवो और सर्बिया का युद्ध, कॉन्गो और रवांडा का युद्ध। पाकिस्तान और भारत, ये दोनों एक-दूसरे पर हमलावर थे, आठ लड़ाकू विमान गिराये जा चुके थे। मेरे हिसाब से वे परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने वाले थे।”

श्री ट्रंप ने युद्ध रोकने का दावा करते हुए कहा कि जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ 2025 में अमेरिका दौरे पर थे तब उन्होंने युद्ध रोकने के लिये श्री ट्रंप का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक करोड़ या शायद उससे भी ज्यादा लोगों की जान बचाई।”

जब श्री ट्रंप से सवाल किया गया कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलने से एक आम अमेरिकी नागरिक का जीवन कैसे बेहतर होता, तो उन्होंने एक बार फिर कहा कि सिर्फ भारत-पाक युद्ध रोकने से एक-दो करोड़ लोगों की जान बचायी गयी है।

उन्होंने कहा, “अगर आप इनमें से किसी एक युद्ध को देखें तो यहां लाखों लोगों की बात हो रही है, लेकिन जब आप भारत-पाक की बात करते हैं बात एक-दो करोड़ लोगों तक पहुंच जाती है। उससे भी ज्यादा लोगों की जान जा सकती थी। इसलिये मैंने करोड़ों लोगों की जान बचायी।”

श्री ट्रंप के बयान के अलावा व्हाइट हाउस ने एक दस्तावेज़ भी जारी किया, जिसमें श्री ट्रंप के प्रशासन के 365 दिनों की 365 उपलब्धियां लिखी थीं। इसमें ‘भारत-पाकिस्तान के बीच शांति बहाल करना’ भी एक बिन्दू था।

 

 

Next Post

नासा अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स 27 वर्ष के सेवाकाल के बाद हुईं सेवानिवृत्त

Wed Jan 21 , 2026
वाशिंगटन 21 जनवरी (वार्ता) नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता “सुनी” विलियम्स 27 वर्षों की सेवा के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी से सेवानिवृत्ति हो गयी हैं। यह उनके एक अत्यंत सफल मानव अंतरिक्ष उड़ान करियर का अंत है। नासा ने बताया कि उनकी […]

You May Like