नर्मदा-तवा संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, बदले स्वरूप में सजा बांद्राभान मेला

नर्मदापुरम। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को नर्मदा और तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में आस्था का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। मोक्ष की कामना लेकर लाखों श्रद्धालुओं ने संगम पर पवित्र स्नान किया और देवी-देवताओं की आराधना की। जिला प्रशासन ने मेले की तैयारियों को लेकर व्यापक व्यवस्था की थी, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।

हर साल की तरह इस वर्ष भी बांद्राभान मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का केंद्र बना रहा। नर्मदापुरम सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार संगम स्थल पहुंचे। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद नर्मदा पूजन, सत्यनारायण कथा, कुल देवी-देवताओं की पूजा और पंडितों-पडिहारों से अनुष्ठान कराए। दिनभर संगम तट पर धार्मिक अनुष्ठान, कथा और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।

मान्यता है कि नर्मदा-तवा संगम पर एक राजा ने तपस्या कर श्राप से मुक्ति पाई थी, तभी से यहां मेले का आयोजन आरंभ हुआ। इसी मान्यता के चलते कार्तिक पूर्णिमा पर यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आकर्षण का केंद्र बन जाता है।

समय के साथ मेले का स्वरूप भी बदला है। पहले लोग पैदल, बैलगाड़ियों या टेंट लगाकर कई दिनों तक यहां ठहरते थे, जबकि अब श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रालियों, कारों, टैक्सियों और मोटरसाइकिलों से पहुंचते हैं। आधुनिक सुविधाओं के बावजूद इस मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक महक अब भी वैसी ही बनी हुई है।

मेले में इस वर्ष भी दुकानों, झूलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया, जिससे बांद्राभान मेला एक बार फिर परंपरा और आधुनिकता के संगम का प्रतीक बन गया।

Next Post

डीसीपी कोर्ट में जमानत के लिए फर्जी एफड़ी, आरोपी का साथी गिरफ्तार 

Wed Nov 5 , 2025
भोपाल।डीसीपी जोन-2 कार्यालय में आरोपी की जमानत के लिए उसके साथी ने फर्जी एफडी पेश किया. बागसेवनियां थाना पुलिस ने तत्काल ही मामले का खुलासा भी कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गोपाल पाटिल के एक केश में फर्जीवाड़ा करते हुए उसके साथी […]

You May Like