नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये जबकि गेहूं की कीमतों में टिकाव रहा। चीनी और दालों के दाम भी बढ़े। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच रुपये बढ़कर 3,854 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,856 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत भी दो रुपये बढ़ी।
दाल-दलहनों में तेजी का रुख रहा। तुअर दाल औसतन 33 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ी। उड़द दाल 22 रुपये और मसूर दाल 17 रुपये मजबूत हुई। चना दाल 16 रुपये और मूंग दाल 15 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 26 रिंगिट की मजबूती के साथ 4,120 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिका सोया तेल का मार्च वायदा 0.36 प्रतिशत चढ़कर 52.80 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल औसतन 48 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल 27 रुपये और वनस्पति 22 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल की कीमत 18 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल और पाम ऑयल में टिकाव रहा।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 22 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी पांच रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
