बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नो पार्किंग जोन में खड़ी एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) द्वारा बाइक पर जैमर लॉक लगाए जाने से नाराज युवक ने सोमवार शाम को कथित तौर पर नशे की हालत में खुद ही अपनी बाइक में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग की लपटें उठते ही यात्रियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि बाइक पूरी तरह जल गई। आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गंज थाना पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
आरपीएफ थाना प्रभारी राजेश बनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग जानबूझकर लगाए जाने की पुष्टि हुई है। बाइक मालिक की पहचान पवन पंडाग्रे, निवासी सांईखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर आगजनी करने और शांति भंग करने के मामले में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
