नयी दिल्ली, 19 जनवरी (वार्ता) दिल्ली एयरपोर्ट के तीसरे रनवे को फरवरी के मध्य से बड़े पैमाने पर पुनरोद्धार और आधुनिकीकरण के लिए लगभग पांच महीने बंद किया जायेगा। एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रनवे 29/11 को आगामी 16 फरवरी से जुलाई के पहले सप्ताह तक बंद किया जायेगा।
यह रनवे साल 2008 से सेवा में है। इस दौरान 2017 में एक बार इसकी हल्की मरम्मत की गयी थी। अब बड़े पैमाने पर मरम्मत कर इसे पहले के कहीं मजबूत बनाया जा रहा है। एक रैपिड एक्जिट टैक्सी-वे का भी निर्माण किया जायेगा जिससे रनवे पर उतरने के बाद विमान को रनवे खाली करने में कम समय लगेगा और दक्षता बढ़ेगी। लगभग दो हजार ग्राउंड लाइटिंग भी बदले जायेंगे। पानी की निकासी को भी बेहतर बनाया जायेगा। एक नया उपकरण समर्थित लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) भी लगाया जायेगा।
डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि दीर्घावधि परिचालन सुरक्षा, दक्षता और वैश्विक विमानन मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए रनवे 11/29 का पुनरोद्धार एक महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है। तीसरे रनवे के बंद होने से मरम्मत के दौरान हवाई अड्डे पर हर दिन विमानों की 1,514 आवाजाही होगी। विमान सेवा कंपनियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को पूरी परिस्थिति से अवगत करा दिया गया है।

