इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक ऑटो चालक ने बिना किसी विवाद के पैदल जा रहे बुजुर्ग पर पीछे से चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से ऑटो लेकर फरार हो गया. पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.परदेशीपुरा थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि क्लर्क कॉलोनी निवासी ललित जैन पिता चांदमल जैन किसी काम से घर से निकले थे.
जब वे सुगनी देवी कॉलेज गेट के सामने तीन पुलिया क्षेत्र में पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात ऑटो रिक्शा चालक ने अचानक ऑटो रोका और बिना कुछ कहे चाकू निकालकर उनकी कमर के निचले हिस्से में पीछे से वार कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार में ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया. चाकू लगने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर काफी खून बहने लगा.
अचानक हुए हमले और घबराहट के कारण वे ऑटो का नंबर नहीं देख पाए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालते हुए इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी. मामले में पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं
