
पलेरा: नगर परिषद पलेरा में कल राजनीतिक उठापटक देखने को मिलीं। नगर परिषद वार्ड क्रमांक 12 से निर्वाचित निर्दलीय पार्षद अनिल खटीक ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम पूर्व राज्य मंत्री राहुल सिंह लोधी के निवास पर आयोजित हुआ, जहां उन्होंने भाजपा की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन संज्ञा, पार्षद रामकिशोर कुशवाहा, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश यादव तथा संतोष अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने अनिल खटीक का स्वागत किया और उनके पार्टी से जुड़ने को संगठन के लिए सकारात्मक बताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विभिन्न जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का पार्टी से जुड़ना संगठनात्मक गतिविधियों को सुदृढ़ करेगा और नगर स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा। नगर परिषद पलेरा में अन्य दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों के भाजपा में शामिल होने की गतिविधियां हाल के दिनों में लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय राजनीति में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
