
उज्जैन/घट्टिया। घर के सामने खड़ी गाड़ी हटाने की बात पर हुए विवाद में पिता-पुत्रों ने मिलकर परिवार पर हथियारों से हमला कर दिया। परिवार के 7 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घट्टिया तहसील के ग्राम धन्नाखेड़ी में रहने वाले तेजूलाल पिता भेरूलाल के घर के सामने आत्माराम ने अपना चारपहिया वाहन खड़ा कर दिया था। तेजूलाल ने घर के सामने से वाहन हटाने की बात कही तो आत्माराम ने विवाद शुरू कर दिया। उसके पुत्र राहुल, सुनील, रिश्तेदार आशीष, विशाल, लाखन, गोकुल, मोहन और सीमाबाई भी विवाद में शामिल हो गए। कहासुनी इतनी बढ़ी कि आत्माराम ने अपने परिवार के साथ मिलकर तलवार, लाठी और डंडों से तेजूलाल, उसके परिवार में शामिल प्रभुलाल, अमरदीप, गणेश, भेरूलाल, सायरबाई, शिवनारायण पर हमला कर दिया। तेजूलाल का परिवार हमले में लहूलुहान हो गया। दो पक्षों के बीच विवाद की जानकारी मिलने पर पुलिस धन्नाखेड़ी पहुंची। हमला करने वाले भाग निकले थे। पुलिस ने घायल हुए सात लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया जहां से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रैफर कर दिया गया। जहां घायलों का उपचार चरक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस हमला करने वालों की तलाश कर रही है।
