इंदौर: कलेक्टर ने बुधवार को शहर में जल संरक्षण को लेकर तालाबों के गहरीकरण कार्यों का मौका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने भौंरासला, लिंबोदी गारी और सिंहासा के कार्यों का जायजा लिया. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश पहले सभी काम खत्म कर ले और काम की गुणवत्ता को लेकर सजग रहें.
जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन काम देखने कलेक्टर शिवम वर्मा ने विभिन्न स्थलों मौका मुआयना कर निरीक्षण किया.
कलेक्टर वर्मा ने भौरांसला, सिंहासा एवं लिम्बोदागारी तालाबों में किए जा रहे गहरीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया. कलेक्टर ने मातहत अधिकारियों से कहा कि तालाबों के गहरीकरण एवं विकास कार्यों के दौरान जलाशयों को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे. उन्होंने सभी तालाबों का सीमांकन कराने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की संभावनाओं को रोका जा सके.
प्राकृतिक मार्ग अवरोधमुक्त रहें
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तालाबों में पानी की आवक के सभी प्राकृतिक मार्ग और चैनल पूरी तरह साफ एवं अवरोधमुक्त रहें. साथ ही जल स्रोतों तक पहुंचने वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नही होने दिया जाए.
