
भोपाल। ईरानी गैंग के सरगना राजू ईरानी को रविवार को जिला कोर्ट में पुलिस ने पेश किया. कोर्ट ने 17 जनवरी तक उसे पुलिस रिमांड़ पर भेज दिया है. निशातपुरा थाना पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच सूरत (गुजरात) से लेकर उसे जिला कोर्ट पहुंची. कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस उसे लेकर थाने गई. शुरूआती पूछताछ में आरोपी राजू ने खुद को निर्दोष बताया है. उसने खुद को प्रापर्टी डीलर के तौर पर काम करने की बात भी कही है. निशातपुरा थाना पुलिस चार मामलों में उसकी गिरफ्तारी की है. राजू साल 2017 से फरार चल रहा था. उसे 7 राज्यों की पुलिस तलाश कर रही थी. गुजरात में उसकी लोकेशन मिलने पर सूरत पुलिस ने गिरफ्तार किया.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राजू ईरानी ने अबतक की पूछताछ में बताया है कि वह कई सालों से अपराधों से दूर है. ईरानी समाज के कुछ लोगों के गलत काम के चलते उसके नाम का इस्तेमाल किया गया है. राजू को लेकर पुलिस को यह भी जानकारी है कि वह बहुत ही शातिर है. खुद के बचाव के लिए कुख्यात बदमाश अपने बयान भी बदल रहा है. अपराध से जुडे कामों में उसके नाम को लेकर उसका कहना है कि वह इससे दूर है.
बता दें कि सूरत पुलिस ने शनिवार को राजू ईरानी को गिरफ्तार किया. भोपाल पुलिस को राजू की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर एक टीम उसे भोपाल लाने के लिए तुरंत रवाना हुई. रविवार को दोपहर बाद उसे भोपाल लाया गया. बदमाश राजू से उसके गुर्गों और ठिकानों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.
राजू ईरानी का नाम लूट, धमकी सहित अन्य आपराधिक साजिशों से जुड़ा है. उसके गैंग का नेटवर्क मप्र के साथ ही देश के अन्य राज्यों गुजरात, यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित राज्यों में फैला है. राजू की गिरफ्तारी को लेकर भोपाल पुलिस लगातार कोशिश में जुटी थी, जिसे अब गुजरात पुलिस ने दबोच लिया है.
बदमाश राजू ईरानी के लंबे अपराधों की कई कड़ियां सामने आई है. लूट, हत्या का प्रयास, ठगी सहित मामलों को अंजाम देने के लिए वह भेष बदल कर अपराधों का अंजाम देता रहा है. उसके ही अपराध के रास्ते पर ईरानी डेरे के कई बदमाश भी चलते रहे हैं. राजू अपराधों को अंजाम देने के लिए साधु, आफिसर का चोला भी ओढ़ता था और पीड़ित के सामने रौब जमाते हुए वारदात को अंजाम देता था. फिलहाल अब बदमाश पुलिस की रिमांड़ पर है, जहां वह कई गुनाहों के राज भी उगल सकता है.
