चावल, चीनी मजबूत; खाद्य तेलों, दालों में घट-बढ़

नयी दिल्ली, 08 जनवरी (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ चीनी भी महंगी हुई। वहीं, गेहूं में टिकाव रहा जबकि खाद्य तेलों और दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत आठ रुपये बढ़कर 3,856 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,850 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत भी कमोबेश पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही रही। दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव देखा गया। मूंग दाल की औसत कीमत 16 रुपये और उड़द दाल की 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। तुअर दाल के भाव स्थिर रहे। चना दाल की कीमत सात रुपये और मसूर दाल की चार रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।

विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा नौ रिंगिट चढ़कर 4,042 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.32 प्रतिशत की बढ़त में 49.47 डॉलर के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में सोया तेल औसतन 35 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। वहीं, वनस्पति की कीमत 27 रुपये और सरसों तेल की 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल में 14 रुपये और पाम ऑयल में 12 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी सात रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

Next Post

मुंबई हवाई अड्डे ने पिछले साल बनाया 5.55 करोड़ यात्रियों का नया रिकॉर्ड

Thu Jan 8 , 2026
मुंबई, 08 जनवरी (वार्ता) मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 5.55 करोड़ यात्रियों की आवाजाही के साथ एक नया रिकॉर्ड कायम किया। यह आंकड़ा कैलेंडर वर्ष 2024 की तुलना में लगभग 1.3 प्रतिशत और वर्ष 2023 की तुलना में 7.6 प्रतिशत अधिक है। […]

You May Like