गुलवीर ने पांच हजार मीटर दौड़ में तोड़ा अविनाश का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

पोर्टलैंड (वार्ता) एशियाई खेलों के पदक विजेता भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने सोमवार को माउंट हूड कम्युनिटी कॉलेज में आयोजित पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल 2024 एथलेटिक्स मीट में पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा में हमवतन अविनाश साबले के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

पिछले साल एशियाई खेलों में 10 हजार मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह ने पुरुषों की एलीट पांच हजार मीटर दौड़ में 13:18.92 का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया।
अमेरिका के डायलन जैकब्स (13:18.18) समय के साथ शीर्ष पर रहे।
केन्या के वेस्ले किप्टू को (13:21.77) समय के साथ तीसरा स्थान मिला।

5000 मीटर में भारत का पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13:19.30 अविनाश साबले के नाम था।
उन्होंने पिछले वर्ष लॉस एंजिल्स में साउंड रनिंग ऑन ट्रैक फेस्ट में यह रिकॉर्ड बनाया था।

साबले ने सोमवार को पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल में भाग लिया लेकिन वह दौड़ पूरी नहीं कर पाए।
कार्तिक कुमार 13:41.07 के समय के साथ 17वें स्थान पर रहे और फिनिश लाइन पार करने वाले एथलीटों में सबसे आखिरी स्थान पर रहे।

पुरुषों की 5000 मीटर आमंत्रण स्पर्धा में भाग ले रहे अभिषेक पाल ने फाइनल में 13:41.57 का समय लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
ग्रेट ब्रिटेन के टॉम एंडरसन (13:37.89) और एली बेनेट (13:41.26) ने शीर्ष दो स्थान प्राप्त किए।

महिलाओं की 5000 मीटर की एलीट दौड़ में 2023 एशियाई चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंकिता ध्यानी ने 15:35.06 समय में दौड़ पूरी कर 15वां स्थान हासिल किया।
नीदरलैंड की ओलंपिक चैंपियन सिफान हसन ने 14:43.85 के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया और अमेरिका की धावक एलिस क्रैनी (14:46.49) समय के साथ दूसरे और कैरिसा श्वेजर को (14:48.60) तीसरा स्थान मिला।

महिलाओं की 5000 मीटर आमंत्रण दौड़ में भाग ले रहीं संजीवनी जाधव 15:31.60 के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
अमेरिका की क्लेयर ग्रीन (15:30.46) ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि चीन की शिउ जेन मा (15:31.86) तीसरे स्थान पर रहीं।
इस बीच, परवेज खान ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में 3:36.21 के नए व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ आठवें स्थान पर रहते हुए किसी भारतीय द्वारा दूसरा सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया।

Next Post

बागपत के पार्थ राणा ने राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण

Tue Jun 11 , 2024
बागपत (वार्ता) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में 25 मीटर स्पोर्टस पिस्टल में उत्तर प्रदेश में बागपत के निशानेबाज पार्थ राणा ने स्वर्ण पदक जीता है। धनौरा सिलवरनगर गांव निवासी निशानेबाज पार्थ राणा के परिजनों ने बताया कि मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में एमपी […]

You May Like