इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र में एटीएम से रुपए निकाल रहे एक बुजुर्ग के साथ ठगी का मामला सामने आया है. अज्ञात दो युवकों ने पिन देखकर एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में खाते से करीब 40 हजार रुपए निकाल लिए. पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.फरियादी जगदीशलाल पाल पिता सुखराम पाल, उम्र 86 वर्ष, निवासी ईके 66 स्कीम नंबर-54 विजयनगर, सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच स्कीम नंबर 54 भमौरी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम शाखा में रुपए निकाल रहे थे.
इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और चालाकी से उनका पिन देख लिया. इसके बाद आरोपियों ने फरियादी का एटीएम कार्ड बदल दिया. फरियादी के वहां से जाने के बाद आरोपियों ने बदले हुए एटीएम कार्ड से खाते से करीब 40 हजार रुपए निकाल लिए. थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है.
