पेंची में पुलिस टीम पर हमला; एएसआई और आरक्षक गंभीर रूप से घायल

गुना। जिले के चांचौड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पेंची में सोमवार को भारी तनाव की स्थिति बन गई। अंतरजातीय विवाह के मामले में सुरक्षा देने गई पुलिस टीम पर लड़की पक्ष के लगभग 50 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में एएसएफ के एक एएसआई और एक आरक्षक बुरी तरह घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूरा मामला पेंची निवासी एक युवक और युवती के अंतरजातीय विवाह से जुड़ा है। पुलिस ने हाल ही में लड़की को बरामद कर सुरक्षा के लिहाज से ‘वन स्टॉप सेंटर’ भेज दिया था। सोमवार को लड़की पक्ष के लोगों ने थाने पहुंचकर धमकी दी थी कि यदि लड़की उन्हें नहीं सौंपी गई, तो वे लड़के वालों के घरों में आग लगा देंगे। लड़की पक्ष की धमकी के बाद पुलिस ने एहतियातन कुछ जवानों को लड़के के घर की सुरक्षा और निगरानी के लिए भेजा था। तभी आरोपियों ने पहले एक आरक्षक को बंधक बना लिया। जब उसे छुड़ाने के लिए पुलिस बल पहुंचा, तो उपद्रवियों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को नेशनल हाइवे 46 की तरफ भागना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्ची भी झोंकी गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। इस खूनी संघर्ष में एएसएफ के एएसआई नवाब सिंह और आरक्षक मंगल सिंह गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। दोनों को तत्काल गुना जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। हमलावरों की संख्या 50 से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है, हालांकि फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

अंतिम बॉल पर हुआ मैच का निर्णय, बैतूल ने तोड़ा यूनिक का रिकार्ड 

Mon Jan 5 , 2026
परासिया। धुंआधार मैच में कश्मीर की टीम आखिरी बाल में जीती l वहीं यूनिक का रिकार्ड स्कोर 245 रन बैतूल ने बनाया ओर दूसरी सेमीफाइनल की टीम बनी l आज तूफानी चौको छक्को की बरसात इस मैदान में हुई l यूनिक क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में आयोजित अखिल भारतीय टी […]

You May Like