नई दिल्ली | 03 जनवरी, 2026: न्यूज़ीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आज भारतीय टीम का ऐलान होना है। चयनकर्ताओं की नजरें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हज़ारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन पर टिकी हैं। ईशान ने हाल ही में झारखंड को ऐतिहासिक जीत दिलाने और विजय हज़ारे में बैक-टू-बैक शतक जड़कर अपनी दावेदारी बेहद मजबूत कर ली है। टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के बाद अब माना जा रहा है कि वनडे टीम में भी उनके ‘अच्छे दिन’ वापस आ गए हैं और वे बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज पहली पसंद बन सकते हैं।
टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा ऋषभ पंत और सरफ़राज़ खान को लेकर हो रही है। ऋषभ पंत के खराब शॉट सिलेक्शन और सीमित वनडे अनुभव (31 मैचों में 35.5 का औसत) ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी तरफ, घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले सरफ़राज़ खान को टीम में शामिल करने का भारी दबाव है। पूर्व चयनकर्ता दिलीप वेंगसारकर ने भी सरफ़राज़ की अनदेखी पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता अनुभवी पंत पर भरोसा जताते हैं या विजय हज़ारे में 75 गेंदों पर 157 रन ठोकने वाले सरफ़राज़ को मौका देते हैं।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है। 35 वर्षीय शमी ने लिस्ट-ए क्रिकेट में वापसी करते हुए 8 विकेट चटकाए हैं और वे टीम में जगह बनाने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रहे हैं। शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस संभावित टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों की मौजूदगी तय मानी जा रही है। सीरीज का आगाज 11 जनवरी को वडोदरा में होगा, जिसके बाद टीमें राजकोट और इंदौर में भिड़ेंगी। यह सीरीज 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

