अशरफ अली
भोपाल: राजधानी भोपाल में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। तड़के से शुरू हुआ कोहरा सुबह के समय और गहराता चला गया, जिससे शहर के कई हिस्सों में विजिबिलिटी घटकर करीब 50 से 100 मीटर तक रह गई। कम दृश्यता के कारण सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और लोगों को धीमी गति से वाहन चलाने पड़े।
एयरपोर्ट रोड, नर्मदापुरम रोड, कलियासोत रोड,नीलबड़ रोड, रायसेन रोड, लिंक रोड और आसपास के इलाकों में कोहरे का असर सबसे अधिक देखने को मिला। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे और सुबह की सैर पर निकले लोग ठिठुरन और कोहरे से प्रभावित रहे। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी के कारण कोहरे की स्थिति बनी हुई है। इधर,मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना जताई है।
