
टीकमगढ़। संत पं. गौरी शंकर अवस्थी हनुमंताचार्य ‘गुरुजी ओरछा वाले’ (संस्थापक—श्री राम सत्संग परिवार ओरछा धाम) की 12वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर शुक्रवार 2 जनवरी 2026 को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह तालाब हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर गुरुजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पाठ उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, आस्था और सेवा भाव से सराबोर रहा। इसके बाद सुबह 11.30 बजे सामाजिक सेवा के तहत जिला राजेंद्र अस्पताल में भर्ती मरीजों को भोजन वितरण किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को ठंड से बचाव के लिए कंबल भी वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में श्री राम सत्संग परिवार ओरछा धाम के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि गुरुजी ओरछा वाले का संपूर्ण जीवन सेवा, सदाचार और मानव कल्याण को समर्पित रहा। उनकी पुण्यतिथि पर सेवा कार्य कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। इस अवसर पर प्रकाश अग्रवाल, मयंक देवलिया, प्रशांत जैन, विवेक लखेरा, शिवेंद्र प्रताप, शैलेन्द्र साहू, संकल्प जैन, यश मिश्र, आनंद अवस्थी, संजय अवस्थी, राजेश अवस्थी, अभिषेक अवस्थी, आकाश अवस्थी, आलोक अवस्थी सहित श्री राम सत्संग परिवार के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने गुरुजी के बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का संकल्प लिया।
