भारत और पाकिस्तान ने एक दूसरे की जेलों में बंद कैदियों और मछुआरों की सूची का आदान-प्रदान किया

नयी दिल्ली 01 जनवरी (वार्ता) भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों और मछुआरों की सूची का गुरुवार को आदान-प्रदान किया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि कैदियों की सूची का आदान-प्रदान वर्ष 2008 के द्विपक्षीय वाणिज्य दूतावास संपर्क समझौते के अंतर्गत नई दिल्ली और इस्लामाबाद में कूटनीतिक माध्यमों से किया गया। भारत ने उसकी जेलों में बंद 391 असैनिक कैदियों और 33 मछुआरों की जानकारी साझा की है। ये सभी पाकिस्तानी नागरिक हैं या माने जाते हैं। इसी प्रकार पाकिस्तान ने उसकी जेलों में बंद 58 असैनिक कैदियों और 199 मछुआरों की जानकारी साझा की है जो भारतीय नागरिक हैं या भारतीय माने जाते हैं।

भारत ने पाकिस्तान से उसकी जेलों में बंद असैनिक कैदियों और मछुआरों को उनकी नौकाओं सहित तथा लापता भारतीय रक्षा कर्मियों की शीघ्र रिहाई और स्वदेश वापसी का आग्रह किया है। पाकिस्तान से यह भी अनुरोध किया गया है कि सजा पूरी कर चुके 167 भारतीय मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई और स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसके अतिरिक्त पाकिस्तान से यह भी कहा गया है कि उसकी हिरासत में मौजूद 35 ऐसे नागरिक कैदियों और मछुआरों को जो भारतीय या भारतीय माने जाते हैं और जिन्हें अब तक कांसुलर सुविधा नहीं दी गई है उन्हें तत्काल कांसुलर संपर्क प्रदान किया जाए। भारत ने पाकिस्तान सरकार से यह सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है कि रिहाई और भारत वापसी तक सभी भारतीय और भारतीय माने जाने वाले नागरिक कैदियों और मछुआरों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किया जाए।

भारत के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2014 से अब तक पाकिस्तान से 2,661 भारतीय मछुआरों और 71 भारतीय असैनिक कैदियों को स्वदेश लाया गया है। इसमें वर्ष 2023 से अब तक पाकिस्तान से स्वदेश लाए गये 500 भारतीय मछुआरे और 13 भारतीय असैनिक कैदी शामिल हैं।

 

 

Next Post

ऑस्ट्रेलिया के लिए एशेज के पांचवें टेस्ट में स्मिथ करेंगे कप्तानी

Thu Jan 1 , 2026
सिडनी, 01 जनवरी (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी एशेज टेस्ट की 15 सदस्यीय टीम के लिए स्टीव स्मिथ को कप्तान बनाया है। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर चार जनवरी से शुरु होने वाले टेस्ट मैच में नियमित कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में, सीनियर बल्लेबाज […]

You May Like