भुवनेश्वर, (वार्ता) ओडिशा में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से 3.93 किलो हाइड्रोपोनिक वीड (नशीला पदार्थ) ज़ब्त किया है।
डीआरआई अधिकारी ने जानकारी के आधार पर बैंकॉक से आ रहे एक भारतीय यात्री को रोककर उसके सामान की अच्छी तरह तलाशी लेने पर उन्हें हरे रंग के गांठदार पदार्थ वाले चार पैकेट मिले। काले पॉलीथीन में लिपटे दो पैकेट स्कैनिंग मशीनों से बचने के लिए कार्डबोर्ड चॉकलेट बॉक्स के अंदर छिपाए गए थे। बाकी दो पैकेट कैरी-ऑन सामान में एक नकली तले में छिपाए गए थे।
उन्होंने बताया कि इस प्रतिबंधित सामान को पेस्ट में बदलकर हाइड्रोलिक रूप से दबाया गया था ताकि यह छिपे हुए हिस्से में आसानी से फिट हो जाए। नकली तले को खोलने पर अधिकारियों ने यह पदार्थ बरामद किया।
जांच में पदार्थ की पुष्टि गांजा के रूप में हुई। बरामद नशीले पदार्थ की कुल कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में लगभग 3.93 करोड़ रुपये है।
डीआरआई अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि यात्री को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
