संजीवनी ने 10 हजार मीटर दौड़ जीती, अविनाश को तीन हजार मीटर में दूसरा स्थान

पोर्टलैंड (वार्ता) अमेरिका में माउंट हूड कम्युनिटी कॉलेज में आयोजित पोर्टलैंड ट्रैक फेस्टिवल 2024 एथलेटिक्स मीट में भारतीय धाविका संजीवनी जाधव ने महिलाओं की 10 हजार मीटर स्पर्धा जीती तथा अविनाश साबले ने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया।

2024 एथलेटिक्स सत्र की अपनी पहली 3000 मीटर स्टीपलचेज रेस में अविनाश साबले 8:21.85 समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

अमेरिका के केनेथ ब्रूक्स (8:18.77) समय के साथ पहले तथा उनके हमवतन एंथोनी रोटिच ने 8:24.13 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता संजीवनी जाधव महिलाओं की 10,000 मीटर में 32:22.77 के समय के साथ पहले स्थान पर रहीं, जो इस साल मार्च में कैलिफोर्निया में दर्ज किए गए उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 32:21.76 से कम है।

अमेरिका की केलीन टेलर 32:23.95 के समय के साथ दूसरे स्थान पर तथा इथियोपिया की अत्सेडे टेसेमा ने 32:24.43 समय के साथ तीसरा स्थान मिला।

मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन पारुल चौधरी भी पोर्टलैंड मीट में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में 9:31.38 समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अमेरिका की एली ओस्ट्रैंडर ने 9:24.70 के समय के साथ प्रतियोगिता जीती, जबकि केन्या की पामेला कोस्गेई ने 9:28.88 के समय के साथ दूसरे स्थान पर जगह बनाई।

इस स्पर्धा में भारत की प्रीति लांबा 10:12.88 का समय लेकर 20वें स्थान पर रहीं।

भारत के कार्तिक कुमार पुरुषों की 10 हजार मीटर में 28:14.67 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे, जबकि अभिषेक पाल ने 29:41.74 के समय के साथ 26वें स्थान पर जगह बनाई।

संजीवनी जाधव भी सोमवार को महिलाओं की पांच हजार मीटर हाई परफॉर्मेंस स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, जबकि अभिषेक पाल पुरुषों की दौड़ के लिए एंट्री लिस्ट में हैं।

राहुल और शशि सिंह पुरुषों की 1500 मीटर में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

भारत की अंकिता और गुलवीर सिंह क्रमशः महिलाओं और पुरुषों की 5000 मीटर हॉट विंडो रेस में हिस्सा लेंगे, जबकि केएम दीक्षा महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार हैं।

Next Post

आप की लोकसभा चुनाव समीक्षा बैठक आज चंडीगढ़ में

Mon Jun 10 , 2024
सिरसा, (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) आज चंडीगढ में प्रदेश कार्यकारिणी के साथ लोकसभा चुनावों को लेकर समीक्षा बैठक करेगी जिसमें प्रदेश स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं समेत सभी लोकसभा सांसद तथा जिला अध्यक्ष के साथ सर्कल प्रभारी भी पहुंचेंगे। बैठक की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) […]

You May Like