विद्यालय के सामने अराजकता, छुट्टी के बाद छात्र पर नाबालिगों का हमला

सतना/मैहर:शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती एक गंभीर घटना सामने आई है। नेहरू सेंट्ररी (सेंचुरी) स्कूल के सामने विद्यालय की छुट्टी के बाद घर जा रहे एक छात्र पर दर्जनों लड़कों ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने छात्र के साथ जमकर मारपीट की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि घटना में शामिल सभी आरोपी नाबालिग थे।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास इस तरह की गुंडागर्दी अत्यंत चिंताजनक है और भविष्य में बड़ी वारदात को न्योता दे सकती है।क्षेत्रीय प्रबुद्धजनों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पुलिस की सजगता केवल कागजी कार्यवाही और सोशल मीडिया प्रचार तक सीमित नजर आती है, जबकि जमीनी स्तर पर ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।

प्रबुद्ध नागरिकों ने मांग की है कि भले ही आरोपी नाबालिग हों और उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज न किया जाए, लेकिन पुलिस को कानून का भय अवश्य दिखाना चाहिए। अपराध की ओर बढ़ रहे बच्चों को यह अहसास कराया जाए कि कानून कितना सख्त हो सकता है। साथ ही, ऐसे बच्चों के माता-पिता को भी थाने बुलाकर स्पष्ट चेतावनी दी जाए कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर अंकुश लगाएं।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों में कड़ा संदेश नहीं दिया गया, तो यह प्रवृत्ति आगे चलकर समाज के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस घटना को कितनी गंभीरता से लेता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Next Post

गादिया लुहार में लोग हुए बीमार: भण्डारे के बाद दर्जन भर लोगों की तबीयत बिगड़ी

Wed Dec 31 , 2025
खिलचीपुर। क्षेत्र के ग्राम गादिया लुहार में आयोजित धार्मिक आयोजन के दौरान भोजन ग्रहण करने के बाद फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है. भोजन ग्रहण करने के बाद लोगों की तबीयत बिगडऩा शुरु हो गई. परिजन एवं ग्रामीणों के द्वारा बीमार लोगों को तुरंत खिलचीपुर अस्पताल लाया गया. पेट […]

You May Like