दुबई 29 दिसंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी जेफ क्रो ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड की बॉक्सिंग डे टेस्ट की पिच को ‘अंसतोषजनक’ रेटिंग दी है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट दो दिन के अंदर ही समाप्त हो गया था और इस कारण से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड को एक डिमेरिट अंक मिला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ जेम्स ऑलसोप्प ने अपने बयान में कहा, “बहुत प्रशंसकों के पास तीसरे और चौथे दिन के टिकट थे और उसके अलावा लाखों प्रशंसक इस मैच के लिए उत्साहित थे लेकिन पिच के कारण यह दो दिन में ही समाप्त हो गया और यह निराशाजनक है। पिछले कुछ सालों में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के स्टाफ ने बेहद शानदार टेस्ट पिच तैयार करके दी थी और हमें उम्मीद है कि अगले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट और मार्च 2027 में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने पर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट में बढ़िया पिच देखने को मिलेगी।”
आईसीसी ने पिच रेटिंग के लिए चार श्रेणी रखी है और इस मैदान की पिच को तीसरे स्थान ‘अंसतोषजनक’ श्रेणी में रखा गया है जिसमें पिच गेंदबाजों के लिए फायदेमंद रहती है और गेंद एवं बल्ले के बीच बराबर का मुकाबला देखने को नहीं मिलता। पिछले तीन बॉक्सिंग डे टेस्ट में एमसीजी को ‘सबसे बढ़िया’ पिच की रेटिंग दी गई थी लेकिन इस बार मामला उलट गया।
यह इस ऐशेज में दूसरा दो दिन वाला टेस्ट था और सीरीज के पहले तीन टेस्ट में जीत के बाद इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा। मैच समाप्त होने के अगले दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के क्यूरेटर मैट पेज ने बताया कि वह एकदम सदमे में हैं। पेज के पिच पर 10 मीमी घास छोड़ने के फैसले की भी काफी चर्चा हो रही है। इस टेस्ट के दो दिन में समाप्त होने की वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बड़ा आर्थिक नुकसान (10 मिलियन ऑस्ट्रेलिया डॉलर) भी हुआ है।

