तिरुवनंतपुरम 28 दिसंबर (वार्ता) स्मृति मंधाना (80) और शेफाली वर्मा (79) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारतीय महिला ने रविवार को चौथे टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 222 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी की। भारत का पहला विकेट 16वें ओवर में शेफाली वर्मा के रूप में गिरा। शेफाली वर्मा ने 46 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 79 रनों की पारी खेली। उन्हें मल्शा शेहानी ने आउट किया।
भारत का दूसरा 17वें ओवर में स्मृति मंधाना के रूप में गिरा। उन्हें निमाशा मीपागे ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। स्मृति मंधाना ने 48 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 80 रनों की विस्फोटक पारी खेली। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में दो विकेट पर 221 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऋचा घोष ने 16 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 40 रन बनाये। कप्तान हरमनप्रीत कौर 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रही।
