
इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में घरेलू कलह एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गया. मामूली विवाद के दौरान एक पति ने आपा खोते हुए अपनी ही पत्नी के गले पर चाकू से हमला कर दिया. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.घटना भागीरथपुरा इलाके की है, घायल सरिता ने अपने पति सोनू उर्फ जितेंद्र पिता हरिनाथ रेनाथ कुमायूं के खिलाफ बाणगंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति आए दिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता है और घर में क्लेश करता रहता है.
घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है. सरिता उस समय रसोई में सब्जी काट रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा. जब सरिता ने विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा उग्र हो गया. पहले उसने मारपीट की और फिर सरिता के हाथ से सब्जी काटने वाला चाकू छीन लिया. आरोपी ने सीधे सरिता के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गई.
गले से खून बहता देख सरिता चीखने लगी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. लोगों को आता देख आरोपी सोनू पत्नी को जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा
