
छिंदवाड़ा। आगामी गणेश विसर्जन पर्व को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज नगर निगम आयुक्त सीपी राय ने निगम सीमांतर्गत बनाए गए विभिन्न गणेश विसर्जन स्थलों का मैदानी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से जायजा लिया एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को समय-सीमा के भीतर संपूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त सीपी राय ने छोटा तालाब स्थित मुख्य विसर्जन कुंड, कुलबहरा नदी स्थित विसर्जन कुंड, पोआमा स्थित विसर्जन कुंड तथा गोरैया रोड स्थित स्टॉप डैम विसर्जन स्थल का सघन दौरा किया। उन्होंने सभी स्थलों पर पहुँचकर प्रतिमा विसर्जन हेतु बनाई जा रही व्यवस्थाओं, पहुंच मार्गों, प्रकाश व्यवस्था तथा जल स्तर की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता एवं पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। विसर्जन कार्य को सुगम एवं सुरक्षित बनाने हेतु आवश्यक क्रेन एवं अन्य आधुनिक मशीनों की समय पर तैनाती सुनिश्चित की जाए।
श्रद्धालुओं का ना हो किसी प्रकार की असुविधा ०००००
आयुक्त ने विशेष निर्देश दिए कि विसर्जन कार्य में उपयोग में लाई जाने वाली क्रेन मशीनों की समुचित साज-सज्जा की जाए, ताकि वे देखने में आकर्षक एवं पर्व के अनुकूल अनुशासित नजर आएं। छोटा तालाब स्थित विसर्जन कुंड के निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने कुंड परिसर की सफाई, मरम्मत एवं आकर्षक रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन पर्व से पूर्व ही समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कुलबहरा नदी स्थित विसर्जन कुंड का किया निरीक्षण ०००००००
नगर निगम आयुक्त सीपी राय छोटा तालाब का निरीक्षण करने के बाद प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इकाई के प्रमुख क्षेत्रीय अधिकारी एम.पी. तिवारी के साथ कुलबहरा नदी के विसर्जन स्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने जल स्रोतों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के मापदंडों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की ।
