शिवपुराण कथा के चौथे दिन शिव विवाह का मनोहारी वर्णन, भव्य शिव बारात निकली

इटारसी। जमानी वालों की चाल स्थित वार्ड क्रमांक 22 में सरस्वती सेवा समिति एवं गृहलक्ष्मी महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री शिवपुराण कथा के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथावाचक पं. देवेंद्र दुबे ने अपने ओजस्वी वाणी से भगवान शिव एवं माता पार्वती के पावन शिव विवाह का अत्यंत भावपूर्ण और मनोहारी प्रसंग प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह की दिव्य झांकी ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस शुभ अवसर पर भगवान शिव की भव्य एवं धूमधाम से शिव बारात निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजनों की मधुर धुनों और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ निकली शिव बारात में भक्तजन झूमते-नाचते नजर आए।

कथा स्थल पर पूरे समय आध्यात्मिक, उल्लासपूर्ण और भक्तिरस से परिपूर्ण माहौल बना रहा। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी प्रसंगों में भी श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का सुंदर वातावरण निर्मित हो रहा है।

 

Next Post

बंगला घाट पर 4 जनवरी को होगा विशाल हिंदू सम्मेलन, निकाली झंडा यात्रा, भूमि पूजन

Sat Dec 27 , 2025
विदिशा। नर्मदा बस्ती में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर झंडा यात्रा एवं भूमि पूजन कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः रायपुरा विद्यालय चौराहा से झंडा यात्रा प्रारंभ हुई, जो निर्धारित मार्गों से होते हुए नगर क्षेत्र में भ्रमण करती हुई निकली। झंडा यात्रा में […]

You May Like