भारत के पास पेट्रोलियम का पर्याप्त भंडार: सरकारी सूत्र

भारत के पास पेट्रोलियम का पर्याप्त भंडार: सरकारी सूत्र

नयी दिल्ली, 07 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में जारी संकट और उससे कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला में आयी बाधा के बीच सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि देश के पास पेट्रोलियम का पर्याप्त भंडार है। पेट्रोलियम मंत्रालय के उच्च अधिकारियों ने बताया कि इस समय देश में कच्चे तेल का 25 दिन का अतिरिक्त भंडार है। इसके अलावा शोधित उत्पादों का भी 25 दिन का अतिरिक्त भंडार है। दोनों मिलाकर कुल भंडार सात सप्ताह से अधिक का है।

अधिकारियों ने बताया कि कुल अतिरिक्त भंडार 25 करोड़ बैरल यानी लगभग 4,000 करोड़ लीटर का है। साथ ही रूस, अमेरिका, पश्चिम अफ्रीका और मध्य एशिया से आयात लगातार जारी है। इसलिए मीडिया में आई इस तरह की खबरें कि देश के पास सिर्फ 25 दिन का कच्चा तेल बचा है, गलत है। उल्लेखनीय है कि इस समय भारत छह महादेशों के कुल 40 देश से कच्चे तेल और पेट्रोलियम का आयात करता है और इस मामले में होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर पूरी तरह से निर्भरता नहीं है। घरेलू रिफायनिंग कंपनियों की कुल शोधन क्षमता 25.8 करोड़ टन सालाना की है जो मांग से काफी अधिक है। घरेलू मांग 21-23 करोड़ टन सालाना है। पेट्रोल में एथेनॉल के 20 प्रतिशत मिश्रण की अनिवार्यता के कारण हर साल 4.4 करोड़ बैरल यानी लगभग 60 लाख टन की आयात निर्भरता अलग से कम होती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य से आयात पूरी तरह से बंद हो जाता है तब भी देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं होगी। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमले और उसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई के कारण पश्चिमी एशिया में स्थिति काफी गंभीर हो गई है। कच्चे तेल की आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई है जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी कीमत करीब 20 प्रतिशत बढ़ गयी है।

Next Post

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को कर्तव्य पथ पर 'शक्ति वॉक' का आयोजन किया जाएगा

Sat Mar 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 मार्च (वार्ता) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘शक्ति वॉक – शी लीड्स भारत’ नाम से यहां कर्तव्य पथ पर महिलाओं के नेतृत्व में एक वॉक का आयोजन करेगा। इस समारोह का मकसद अलग-अलग क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियों, नेतृत्व […]

You May Like

Play sound