
जबलपुर। महाधिवक्ता कार्यालय के विधि अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित सूची आंशिक बदलाव के साथ जारी हो गई। सभी का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया। दरअसल, इनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त होने वाला था।
सूची में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। महाधिवक्ता कार्यालय जबलपुर में केवल एक उप महाधिवक्ता ब्रम्हदत्त सिंह को अतिरिक्त महाधिवक्ता बनाया गया है। जबलपुर ऑफिस में हरप्रीत सिंह रूपराह, नीलेश यादव, जान्हवी पंडित अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर बने रहेंगे। वहीं उप महाधिवक्ता के पद पर विवेक शर्मा, अभिजीत अवस्थी, स्वप्निल गांगुली और श्वेता यादव को यथावत रखा गया है। इसके अलावा जबलपुर में कुल 57 शासकीय अधिवक्ताओं में से 10 को हटाकर उनके स्थान पर 10 नई नियुक्ति की गई हैं। वर्तमान में कार्यरत पांच उप शासकीय अधिवक्ता भी पद पर बने रहेंगे। गौतरतलब है कि पिछले वर्ष 31 जुलाई 2024 को वर्तमान अधिकारियों की नियुक्तियां की गई थीं। इसके बाद 31 जुलाई और 31 अगस्त 2025 को एक.एक माह के लिए कार्यकाल बढ़ाया गया। इसके बाद 29 सितंबर 2025 को पुन: उक्त टीम का 3 माह के लिए कार्यकाल बढ़ाया गया था।
