शिवपुरी: जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नई बस्ती में एक अपहरण का मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री केपी सिंह के समर्थक छवेंद्र चौहान को उनके घर के सामने से उस समय अपहरण कर लिया गया, जब वह अलाव ताप रहे थे। आरोप लगा है कि वर्तमान विधायक प्रीतम लोधी के प्रतिनिधि रहीश यादव और उनके साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
छवेंद्र अपने साथियों के साथ घर के बाहर बैठे थे, तभी एक स्कार्पियो से आए चार लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में खींच लिया। परिजनों और साथियों के विरोध के बावजूद आरोपी उन्हें अगवा कर ले गए। हालांकि, पुलिस की तत्काल घेराबंदी की सूचना मिलते ही आरोपी घबरा गए और छवेंद्र को पिछोर थाने के सामने ही छोड़कर फरार हो गए।
छवेंद्र चौहान का कहना है कि अपहरणकर्ताओं ने उनकी कनपटी पर कट्टा और पिस्टल अड़ा दी थी।
आरोपियों ने चुनावी रंजिश का जिक्र करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है, इसीलिए शिकायत के बावजूद दो अन्य आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए गए और न ही कट्टे-पिस्टल का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने रहीश यादव, दीपक यादव, जितेंद्र यादव और विजयपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
