ताइवान को लेकर ताकाइची के बयान के विरोध में जापान में प्रदर्शन

टोक्यो, 24 दिसंबर (वार्ता) जापान में ताइवान को लेकर प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के बयान और एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी द्वारा परमाणु हथियारों की वकालत करने को लेकर विरोध तेज हो गया है। जापानी नागरिकों ने मंगलवार शाम को टोक्यो में प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने एक रैली निकाली और सुश्री ताकाइची से ताइवान पर अपनी गलत टिप्पणियों को वापस लेने की मांग की और एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी द्वारा परमाणु हथियारों की वकालत करने वाली टिप्पणियों की आलोचना की। प्रदर्शनकारियों ने ‘संविधान का पालन करो’ और ‘युद्ध को बढ़ावा मत दो’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान जापान की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता मिज़ुहो फुकुशिमा ने सरकार की सुरक्षा नीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय में सुरक्षा नीति के प्रभारी अधिकारी द्वारा परमाणु हथियार रखने की वकालत करने वाली सार्वजनिक टिप्पणियों ने जापान के लंबे समय से चले आ रहे तीन गैर-परमाणु सिद्धांतों की अवहेलना की है। उन्होंने सुश्री ताकाइची के मंत्रिमंडल को ‘युद्ध की तैयारी करने वाली’ बताया और कहा कि सरकार देश का रक्षा बजट लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इसका रास्ता तेजी से द्वितीय विश्व युद्ध से पहले के जापान की याद दिलाता है।

सुश्री फुकुशिमा ने सुश्री ताकाइची से ताइवान पर अपनी गलत टिप्पणियों को वापस लेने की भी मांग की और कहा कि ऐसे बयान जापान के संविधान के अनुच्छेद नौ का स्पष्ट उल्लंघन करते हैं। nटोक्यो की सोफिया यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल पॉलिटिक्स के प्रोफेसर कोइची नाकानो ने चीन की शिन्हुआ न्यूज एजेंसी से कहा कि ताइवान पर सुश्री ताकाइची की टिप्पणियों की गंभीरता के बारे में बहुत से लोगों को बहुत कम जानकारी है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह जापान में लंबे समय से सिस्टमैटिक और पर्याप्त ऐतिहासिक शिक्षा की कमी है। उन्होंने कहा कि जापान का युद्ध के बाद का संविधान और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में जापान की भूमिका का मूल आधार हमेशा यह होना चाहिए कि इतिहास की गलतियों को कभी न दोहराया जाए। विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रही एक नागरिक चिएको ओकाडा ने बताया कि सरकार युद्ध के अपराधी के तौर पर जापान की ऐतिहासिक भूमिका को कम करने या छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि कुछ नागरिक इतिहास की सही समझ के बिना सरकार की सुरक्षा नीतियों का समर्थन कर रहे हैं, और सुश्री ताकाइची को अपने खतरनाक और गलत बयानों को वापस लेना चाहिए।

Next Post

महिलाओं के पहनावे पर टिप्पणी को लेकर तेलुगु अभिनेता शिवाजी की आलोचना

Wed Dec 24 , 2025
हैदराबाद, 24 दिसंबर (वार्ता ) तेलुगु फिल्मों और रियलिटी शो ‘बिग बॉस तेलुगु’ के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता शिवाजी को महिलाओं के पहनावे पर की गई अपनी टिप्पणियों के कारण भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अपनी आगामी फिल्म ‘दण्डोरा’ के एक कार्यक्रम के दौरान शिवाजी ने […]

You May Like