
गंजबासौदा। किसानों और अनाज व्यापारियों के बीच उपजा विवाद अब खुलकर सड़क पर आ गया है. मंडी प्रांगण से लेकर जय स्तंभ चौक तक पूरा शहर दिन भर तनाव की गिरफ्त में रहा. एक ओर किसानों ने व्यापारियों पर गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए मंडी के बाहर धरना दिया, तो दूसरी ओर व्यापारियों ने जय स्तंभ चौक पर चक्का जाम कर ताकत दिखा दी.
व्यापारियों का कहना है कि किसान लगातार अभद्र भाषा का
प्रयोग कर रहे हैं, जबकि किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में उनके साथ खुले आम दुव्यवहार किया गया. दोनों पक्ष खुद को पीड़ित बता रहे हैं और प्रशासन असहज स्थिति में फंसा नजर आ रहा है. मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब गंजबासौदा के वकीलों ने सात अनाज व्यापारियों के खिलाफ थाने में प्रकरण दर्ज करा दिया. वकीलों का आरोप है कि जय स्तंभ चौक पर धरना दे रहे व्यापारियों ने वहां से गुजर रहे एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता की 1 उधर व्यापारियों ने पलटवार करते हुए कहा कि उनका धरना किसानों के खिलाफ था, वकीलों से कोई लेना-देना नहीं था. इसी दौरान हुई मामूली नोकझोंक को बेवजह तूल देकर सात व्यापारियों को झूठे मुकदमे में फंसा दिया गया. अब सवाल यह है कि गलती किसकी है-किसान की, व्यापारी की या फिर हालात को संभालने में नाकाम प्रशासन की ? फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच की बात कह रहे हैं, लेकिन शहर में माहौल अब भी तनावपूर्ण बना हुआ है.
