दो युवकों की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, रेत कंपनी को फंसाने की रची गई थी साजिश

नर्मदापुरम। जिला पुलिस ने ग्राम मनवाड़ा के दो युवकों शुभम कीर (27) और करन कीर (25) की नृशंस हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी केवलराम कीर सहित उसके पांच साथियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 17 दिसंबर 2025 की रात दोनों युवक केवलराम के घर पहुंचे थे, जहां शराब के नशे में गाली-गलौज और विवाद हो गया। विवाद के दौरान केवलराम ने शुभम के सिर पर डंडे से वार कर उसे बेहोश कर दिया, जबकि करन को अन्य आरोपियों ने खेत में ले जाकर बेरहमी से पीटा।

आरोपियों ने साजिश के तहत दोनों युवकों को ऑटो में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर हत्या कर दी। शुभम कीर को बागरा तवा के जंगल में ले जाकर धारदार हथियार ‘बका’ से मार डाला गया, जबकि करन को बेहोशी की हालत में सोहागपुर के पास बांसाखापा रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया गया, ताकि मामला ट्रेन हादसा लगे।

खुद को बचाने के लिए मुख्य आरोपी ने रेत कंपनी के कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाकर मृतकों के परिजनों को गुमराह किया, जिससे कीर समाज द्वारा तवा पुल पर चक्का जाम भी किया गया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी के बयान झूठे पाए गए और सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी केवलराम पहले भी तिहरे हत्याकांड में 20 साल की सजा काट चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी दिनेश उर्फ दिन्नू भी हत्या के मामले में सजायाफ्ता है। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त ऑटो, बका, डंडे और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। वारदात के बाद आरोपियों ने सोहागपुर के एक ढाबे पर मछली पार्टी भी की थी। मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Next Post

बंडा नहर प्रस्ताव पर घमासान: टीकमगढ़ नगर पालिका बैठक में भाजपा-कांग्रेस पार्षदों में तीखी नोकझोंक, अंततः प्रस्ताव पारित

Tue Dec 23 , 2025
टीकमगढ़। मंगलवार को नगर पालिका परिषद की बैठक हंगामेदार रही। शुरुआत में ही बंडा नहर के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव पर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा पार्षद अभिषेक खरे ने आरोप लगाया कि बंडा नहर के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव गिराने का झूठा आरोप पार्षदों […]

You May Like