आष्टा। दो समुदायों के बीच कहासुनी के बाद भड़के विवाद में तोडफ़ोड़ और पत्थरबाजी की घटना से लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. सोमवार को भोपाल नाके पर करणी सेना के पुलिस व प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर 48 घंटे में उत्पातियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो करणी सेना द्वारा आंदोलन शुरू किया जाएगा.
गौरतलब है कि बीती रात नगर में उस समय तनाव का माहौन निर्मित हो गया जब हरदा आंदोलन से लौट रहे करणी सेना कार्यकर्ताओं का वर्ग विशेष के लोगों से विवाद हो गया था. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव भी हुआ. कई गाडिय़ां पथराव की चपेट में आ गईं तो कई स्थानों पर तोडफ़ोड़ भी की गई. नगर के हालात लगातार बिगड़ रहे थे. दहशत के चलते लोग अपने घरों में कैद हो गए थे तो कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर अपने परिजनों के घर पहुंच गए थे. जब स्थिति लगातार बिगड़ती गई और आष्टा, पार्वती, जावर, सिद्दीकगंज थाने से पहुंची पुलिस से हालात काबू में नहीं आए तो सीहोर, भोपाल और देवास जिले से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. एसपी दीपक कुमार शुक्ला, एएसपी सुनीता रावत भी आष्टा पहुंचे और हालात का जायजा लिया. आष्टा नगर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया. देर रात लगभग दो बजे के बाद स्थिति काबू में हुई.
सोमवार की सुबह सड़कोंं पर बिखरे पत्थरों के टुकड़े और जगह- जगह पड़े कांच रात को हुए विवाद की भयावहता को बयां कर रहे थे. इस दौरान पुलिसकर्मी भी विभिन्न चौराहों पर तैनात थे तो पुलिस के वाहन संवेदनशील क्षेत्रों में सायरन बजाते हुए लगातार गश्त कर रहे थे. हालांकि दिन भर स्थिति सामान्य रही और आम दिनों की तरह दुकानें खुलीं.
नगर के सभी संवदेनशील एरिया में पुराना बस स्टैंड, अलीपुर क्षेत्र, भोपाल नाका पर पुलिस बल तैनात है. इस दौरान आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की बात कही गई. पार्वती थाना पुलिस ने इस मामले में 100 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 190 (2), 191 (3), 190 और 324 (4) बलवा, तोडफ़ोड़ आदि का मामला पंजीबद्ध किया है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने में जुटी है, जिससे कि जल्द गिरफ्तारी हो.
आज दोपहर दो बजे तक नगर रहेगा बंद
व्यापार महासंघ की तरफ से घटना के विरोध में मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक आष्टा बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है. दोपहर एक 1 बजे सभी व्यापारी, हिन्दू समाज अस्पताल चौराहे पर एकत्रित होंगे और यहां से रैली निकाल तहसील कार्यालय पहुंच एसडीएम को ज्ञापन देंगे. व्यापार महासंघ अध्यक्ष रूपेश राठौर ने बताया कि जिस जगह रविवार रात घटना हुई वहां पर पूर्व में भी वर्ग विशेष के कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के साथ चाकूबाजी की थी. इस तरह के मामले वापस सामने नहीं आएं उसी को लेकर बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है. इसमें पुलिस, प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी.
आरोपियों की कर रहे पहचान
करणी सेना ने रविवार को हुई घटना को लेकर ज्ञापन सौंपा है. इसमें घटना में शामिल उपद्रवियों पर शामिल लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है. घटना में एफआइआर दर्ज कर ली है. आरोपियों की पहचान की जा रही है. नगर में स्थिति सामान्य है तथा हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
सुनीता रावत ,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
