
सीधी/मड़वास। रेत के अवैध परिवहन में लगे ट्रैक्टर से देर रात एक नाबालिक श्रमिक के गिरने और ट्राली के नीचे आने से घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। मड़वास थाना के टिकरी गांव में हुये इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने 6 घंटे शव रखकर न्याय की गुहार लगाते हुये आक्रोश जताया।
मिली जानकारी के अनुसार टिकरी रेत खदान से 21 दिसम्बर की देर रात अमोल सिंह उइके अपने स्वराज ट्रैक्टर 734 में रेता लोड कराकर अपने घर ग्राम टिकरी के लिये रवाना हुये। रेत खदान से करीब 1 किलोमीटर आगे आने पर ट्रैक्टर ट्राली मेंं बैठा उमेश सिंह गोंड़ उम्र 15 वर्ष नीचे गिरा और ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट फरियादी संदीप सिंह पिता लल्लू सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी टिकरी ने थाना मड़वास में की। रिपोर्ट में संदीप सिंह ने कहा कि आज 22 दिसम्बर की सुबह करीब 6 बजे मैं अपने घर में था, उसी समय शिवम विश्वकर्मा ने फोन पर बताया कि अमोल सिंह उइके के ट्रैक्टर में मैं, सूरज सिंह, उमेश सिंह, किशन विश्वकर्मा, विनोद सिंह, वंश बहादुर सिंह, पेन्टर सिंह, राष्ट्रपति सिंह एवं अन्य साथी गोपद नदी के टिकरी से रेता लोड किये। ट्रैक्टर अमोल सिंह उइके निवासी टिकरी चला रहा था। उस दौरान उसके साथ कुछ अन्य लोग ट्रैक्टर में सामने बैठे थे और राष्ट्रपति सिंह, उमेश सिंह टै्रक्टर की ट्राली में बैठे थे। रात करीब 2 बजे ट्रैक्टर जब विजय सिंह के घर के पास पहुंचा तो अमोल सिंह उइके काफी तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक लहराते हुये ट्रैक्टर चलाने लगा। जिससे ट्रैक्टर की ट्राली में बैठा उमेश सिंह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया, ट्राली के बाये तरफ का टायर उमेश सिंह के सिर के ऊपर चढ़ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उक्त रिपोर्ट पर मड़वास थाना में आरोपी स्वराज ट्रैक्टर चालक अमोल सिंह निवासी टिकरी के विरूद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने रेत माफियाओ के खिलाफ कार्रवाई करने एवं परिजनों को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। थाना प्रभारी की समझाइश के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने के लिये परिजन तैयार हुये।
इनका कहना है
मुझे आज सुबह सूचना मिली कि टिकरी रेत खदान से रेत लेकर आ रहा ट्रैक्टर स्वराज खदान से 1 किलोमीटर आगे आने पर ट्राली में बैठे लडक़े के गिरने से ट्राली के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचा, जहां मृतक के परिजनों को समझाइस दी गई और पोस्टमार्टम करवाने के लिये तैयार हुये। शव को पोस्टमार्टम के लिये मझौली मर्चुरी भेजा गया। मामले में आरोपी अमोल सिंह के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपी एवं ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है, जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
भूपेश वैश, थाना प्रभारी मड़वास
