मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में पलटा पिकअप वाहन, एक ही परिवार के 20 लोग घायल

सतना: मैहर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया, जिसने एक खुशहाल परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदनपुर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग पिकअप के नीचे दब गए और सडक़ पर चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बराखुर्द निवासी साकेत परिवार के सदस्य एक पारिवारिक ‘बारहों’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रविवार दोपहर सभी लोग पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे। पिकअप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था कि यह लापरवाही इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाएगी।

बताया गया कि जैसे ही पिकअप ग्राम भदनपुर के पास पहुंचा, सामने से अचानक एक दोपहिया वाहन आ गया। मोटरसाइकल सवार को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने तेज मोड़ लिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। तेज रफ्तार के कारण पिकअप सडक़ पर पलटती चली गई और किनारे जा गिरी। पलटते ही वाहन में सवार लोग इधर-उधर जा गिरे।

हादसे के बाद कुछ लोग पिकअप के नीचे दब गए, जबकि कई लोग सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सडक़ पर यातायात भी बाधित रहा। आसपास के लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे।स्थानीय ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों ने पिकअप को हटाकर नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों की तत्परता से कई जिंदगियां बच सकीं।घटना की सूचना मिलते ही बदेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
 गंभीर घायल सतना और रीवा रेफर
मैहर सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 8 घायलों की हालत गंभीर बताई। इनमें से 5 घायलों को बेहतर इलाज के लिए सतना और रीवा रेफर किया गया, जबकि 3 घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। शेष घायलों का इलाज मैहर सिविल अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।हादसे में घायल लोगों में विमल साकेत (28), चांदनी साकेत (16), सरोज साकेत (32), राजसमंद साकेत (13), दिनेश साकेत (35), रवि (22), भैयालाल (40), संतलाल (55), मुन्नीलाल (55), रानी (18), लक्ष्मी (20), रेखा (22), सुखमणि (44), संतलाल (23), अमित (35), सुमन (23), सुमन (35), सोनम साकेत (7), अभिषेक साकेत (18) और रेखा साकेत (18) शामिल हैं।

Next Post

कोठी में ढाई किलो गांजे के साथ 3 धराए

Mon Dec 22 , 2025
सतना:कोठी थाना प्रभारी व प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष त्यागी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 2.7 किलो गांजे के साथ 3 आरोपियों को दबोच लिया. मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कोठी सिंहपुर रोड पर बडौर के निकट पहुंचकर दबिश दी. जहां पर तीन संदिग्ध दिखाई […]

You May Like