मोदी और शाह ने सशस्त्र सीमा बल को स्थापना दिवस पर बधाई दी

नयी दिल्ली 20 दिसम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के प्रमुख केन्द्रीय पुलिस बल सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के स्थापना दिवस पर उसके सभी जवानों और उनके परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

श्री मोदी ने कहा कि एसएसबी का अटूट समर्पण सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है और कर्तव्य की उनकी भावना राष्ट्र की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ बनी हुई है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण भूभागों से लेकर अभियानों की कठिन परिस्थितियों तक एसएसबी हमेशा सतर्क रहती है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ” मैं सशस्त्र सीमा बल के स्थापना दिवस पर इस बल से जुड़े सभी कार्मिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। एसएसबी का अटूट समर्पण सेवा की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है। कर्तव्य की उनकी भावना हमारे राष्ट्र की सुरक्षा का एक मजबूत स्तंभ बनी हुई है। चुनौतीपूर्ण भूभागों से लेकर ऑपरेशन की कठिन परिचालन परिस्थितियों तक, एसएसबी हमेशा सतर्क रहती है। उनके आगे के प्रयासों में उन्हें शुभकामनाएं।”

श्री शाह ने कहा कि एसएसबी के सभी जवानों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की बधाई। उन्होंने कहा कि सीमाओं की रक्षा करने से लेकर संकट के समय नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने तक सशस्त्र सीमा बल ने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है। अपने कर्तव्य का पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को सलाम।

एसएसबी की स्थापना 1963 में की गई थी और यह ‘सेवा, सुरक्षा, बंधुत्व’ के आदर्शों के साथ राष्ट्र सेवा में समर्पित है। यह मुख्य रूप से भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमाओं की सुरक्षा, तस्करी रोकने, और देश के आंतरिक सुरक्षा व आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

 

Next Post

दिल्ली में कोहरे के कारण 125 से अधिक उड़ानें रद्द

Sat Dec 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर तथा पूर्वी भारत के कई हिस्सों में कोहरे के कारण यहां इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह 125 से अधिक उड़ानें रद्द की गयीं। दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 10 बजे तक प्रस्थान करने वाली 63 […]

You May Like