छतरपुर: छतरपुर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव आज कचहरी परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से कराए जा रहे हैं। इस बार अधिवक्ता संघ का चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव सहित विभिन्न पदों के लिए हो रहा है। सुबह 10 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चलेगी। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए कई प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें नरेंद्र कुमार त्रिवेदी, शिवप्रताप सिंह चौहान (रिशु), कुशवाहा रामनारायण, राकेश कुमार दीक्षित, नरेंद्र कुमार खरे, मनोज कुमार व्यास और विनोद कुमार दीक्षित उर्फ गुड्डू शामिल हैं। वहीं उपाध्यक्ष और सचिव पदों के लिए भी उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए कचहरी परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनाव अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
घोड़े पर सवार होकर पहुंचे वकील, बने आकर्षण का केंद्र
चुनाव के दौरान उस समय खास नज़ारा देखने को मिला, जब कुछ अधिवक्ता घोड़े पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे। यह दृश्य कचहरी परिसर में चर्चा का विषय बन गया और इसे देखने के लिए अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम लोगों की भी भीड़ जमा हो गई।
शनिवार को खुलेगा जीत-हार का फैसला
मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला शनिवार को वोटों की गिनती के बाद सामने आएगा, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
