जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत सोनिया ज्वेलर्स के पीछे गली जयप्रकाश वार्ड पनागर कमानिया गेट के पास 16 दिसम्बर की रात्रि सोने चांदी के जेवरों से भरे थैले लूट कर भागे डकैतों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई है लेकिन आरोपित अब तक पुलिस गिरफ्त से दूर है। ढाई हजार से अधिक फुटेज खंगाले जा चुके है। जिसके आधार पर चौबीस संदेही भी चिन्हित किए गए है। जिनसे पुलिस की टीमें पूछताछ कर रही है लेकिन अब तक ऐसे कोई पुख्ता सुराग पुलिस को नहीं लगे है जिसके सहारे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, सायबर सेल की टीमें भी डकैती की अनसुलझी गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
विदित हो कि सुशील उर्फ बल्लू सोनी 47 वर्ष निवासी सोनिया ज्वेलर्स के पीछे जयप्रकाश वार्ड पनागर ने रिपोर्ट दर्ज कि उसके बड़े भाई सुनील कुमार उर्फ भूरा सोनी का मकान है भाई सुनील सोनी विद्यासागर वार्ड में भूरा ज्वेलर्स के नाम से सोने चांदी की दुकान का संचालन करते हैं। मंगलवार रात्रि 6 आरोपी बाइकों से पहुंचे। इसके बाद कट्टे व हथौड़ी से भाई और भतीजे पर हमला कर दिया। दो हमला कर रहे थे जबकि चार लोग तीन थैले जेवरों से भरे छुड़ाकर अपने हाथों में ले लिये और भाग गए थे। पुलिस ने मामले में डकैती की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है । डकैत आधा किलो से अधिक गोल्ड, पांच से दस किलो चांदी लूटकर ले गए है।
ऐसे चल रही खोजबीन
डकैतों की तलाश में पांच टीमें गठित की गई है। जिन्हें अलग-अलग टॉस्क भी मिले है। सीसीटीव्ही कैमरों को खंगालने से लेकर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के साथ संदेहियों से पूछताछ हो रही है। वारदात के समय मौके पर सक्रिय मोबाइलों पर भी जांच पड़ताल चल रही है। इसके अलावा जैसे जैसे पुलिस को क्लू मिल रहे है वैसे वैसे पुलिस की जांच भी आगे बढ़ रही और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
