ग्वालियर: कांग्रेस में पदों को लेकर उठापटक जारी है. ग्वालियर ग्रामीण के बैरजा मंडल के अध्यक्ष पद के लिए नामित केदार कौशल ने पद लेने से इंकार कर दिया. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद केदार कौशल ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वह सामाजिक कार्यों में व्यस्त हैं और केवल उसी पर ध्यान देना चाहते हैं, इसलिए यह पद स्वीकार नहीं कर सकते.
केदार के इस निर्णय ने कांग्रेस में चिंता बढ़ा दी है. पार्टी नेताओं ने इस मामले पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन यह अस्वीकृति संगठन में अंदरूनी तनाव की संभावना को और बढ़ा सकती है.मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल का दौर तेज है. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने दो साल के कार्यकाल के अंतिम दिनों में 780 नए ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की, जिसका उद्देश्य पार्टी को मजबूत बनाना बताया गया. हालांकि, सूची जारी होते ही ग्वालियर सहित चंबल के कई जिलों में असंतोष उभरा है.
