चितरंगी में अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई: दो ट्रैक्टर के साथ 75 क्विंटल धान जप्त

चितरंगी: जिले के चितरंगी क्षेत्र में राजस्व विभाग ने बीती रात अवैध धान परिवहन के खिलाफ ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर जप्त किए हैं।
यह कार्रवाई रात करीब 2 बजे उस समय की गई, जब उ.प्र. की सीमा से म.प्र. में प्रवेश कर रहे ट्रैक्टरों को घेराबंदी कर रोका गया। दोनों ट्रैक्टरों में कुल मिलाकर करीब 75 क्विंटल धान लदी हुई पाई गई, जिसे अवैध रूप से समर्थन मूल्य का लाभ उठाने के उद्देश्य से लाया जा रहा था।

सूत्रों के मुताबिक उ.प्र. और म.प्र. में धान की खरीद व्यवस्था और दामों में अंतर का फायदा उठाकर बिचौलियों का संगठित नेटवर्क सक्रिय है। इसी असमानता का लाभ उठाकर बिचौलिये यूपी के किसानों से सस्ते दामों पर धान खरीदते हैं और उसे चोरी-छिपे म.प्र. लाकर एमएसपी पर खपाने की कोशिश करते हैं। इसी अवैध गतिविधि की पुख्ता सूचना मिलने पर एसडीएम चितरंगी सौरभ मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने देर रात सीमा क्षेत्र में दबिश दी।

कार्रवाई में तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह सहित राजस्व अमले की अहम भूमिका रही। टीम ने पूरी सतर्कता के साथ ट्रैक्टरों को रोका और दस्तावेजों की जांच की, जिसमें धान परिवहन को लेकर कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी। जप्त किए गए ट्रैक्टरों एवं धान को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया है और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि इस अवैध परिवहन के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इससे पहले कितनी खेप सीमा पार कर लाई जा चुकी है। एसडीएम सौरभ मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा कि समर्थन मूल्य का गलत फायदा उठाने के लिए दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर यहां बेचने की कोशिश की जा रही है। ऐसी गतिविधियों पर किसी भी कीमत पर रोक लगाई जाएगी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। राजस्व विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में लिप्त बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

Next Post

रामपुर बघेलान में नायब तहसीलदार 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Thu Dec 18 , 2025
रीवा: लोकायुक्त संगठन इकाई रीवा की टीम ने सतना जिले के तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान में गुरुवार को दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। मौहारी-कटरा सर्किल में पदस्थ नायब तहसीलदार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त की टीम द्वारा ट्रैप की कार्रवाई […]

You May Like