भिंड:आज गुरुवार तड़के से पूरा भिंड शहर और आसपास के इलाके घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे। सुबह 5 बजे हाईवे और मुख्य सड़कों पर 100 फीट की दूरी पर भी वाहन नजर नहीं आ रहे थे। विजिबिलिटी कम होने से चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर और धीमी रफ्तार में गाड़ियां चलानी पड़ीं।कोहरे की शुरुआत तड़के 3 बजे से ही हो गई थी, जो सुबह 5 बजे तक बहुत घना हो गया।
सुबह 9:30 बजे तक कोहरे का असर बना रहा। कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं के चलते लोग रजाइयों में दुबके रहे। कई इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। घने कोहरे का असर मॉर्निंग वॉक पर भी दिखा। आमतौर पर सुबह जल्दी निकलने वाले लोग आज ठंड के कारण घरों से देर से निकले। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भिंड का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
