भोपाल: पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान में बुधवार को उद्योग और शिक्षा के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। संस्थान परिसर में टाटा नेल्को और देश की नामी औद्योगिक कंपनियों से जुड़े विशेषज्ञों के साथ खास बैठक आयोजित की गई। बैठक का मकसद व्यावसायिक शिक्षा को बदलती तकनीक और उद्योग की जरूरतों से जोड़ना रहा।
चर्चा इस बात पर केंद्रित रही कि आने वाले समय में विद्यार्थियों को किस तरह के कौशल की जरूरत होगी, और पाठ्यक्रम को कैसे व्यवहारिक बनाया जाए।कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त निदेशक डॉ दीपक पालीवाल के स्वागत वक्तव्य से हुई। इसके बाद प्रोफेसर पिंकी खन्ना ने संस्थान की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएसएससीआईवीई का लक्ष्य विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने वाली शिक्षा देना है।
टाटा नेल्को के वरिष्ठ सलाहकार पुष्कराज कौल्गुड ने डिजाइन इनोवेशन एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग औद्योगिक रोबोटिक्स कृत्रिम बुद्धिमत्ता ड्रोन तकनीक और एआर वीआर जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। अन्य उद्योग विशेषज्ञों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इन तकनीकों का सीधा लाभ छात्रों को कैसे मिल सकता है।
बैठक में संस्थान के संकाय सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की। विशेषज्ञों और शिक्षकों के बीच खुले संवाद से नई संभावनाओं पर चर्चा हुई।
