विधायक के प्रयास से ट्रामा सेंटर में ब्लड बैंक की स्थापना

सिंगरौली: जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में ब्लड बैंक की स्थापना को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। इस संबंध में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह द्वारा पत्र पंजीयन क्रमांक 6945/ सीएमएस/ एमएलए/ 080/2025 के माध्यम से 16 दिसंबर को प्रमुख सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि सिंगरौली जिला एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ-साथ तेजी से बढ़ती जनसंख्या वाला जिला है। यहां सड़क दुर्घटनाओं, औद्योगिक हादसों एवं गंभीर बीमारियों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में प्रतिदिन बड़ी संख्या में गंभीर एवं आपातकालीन मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, जिनके लिए समय पर रक्त की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक होती है।

विधायक रामनिवास शाह ने अवगत कराया है कि वर्तमान में जिला मुख्यालय बैढ़न में शासकीय स्तर पर पूर्ण सुविधायुक्त ब्लड बैंक की अनुपलब्धता के कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को निजी संस्थानों अथवा अन्य जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे जहां आर्थिक बोझ बढ़ता है, वहीं कई बार उपचार में देरी होने से मरीज की जान पर भी संकट उत्पन्न हो जाता है।

पत्र के माध्यम से यह भी बताया गया है कि यदि जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न में ब्लड बैंक की स्थापना की जाती है, तो इसका लाभ न केवल सिंगरौली जिले बल्कि आसपास के सीमावर्ती जिलों के मरीजों को भी मिलेगा। इससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ होंगी और गंभीर रोगियों को समय पर जीवनरक्षक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जनहित को ध्यान में रखते हुए शासन से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की गई है, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

Next Post

संगठन को मजबूत करना मेरा लक्ष्य - उषा नायडू

Wed Dec 17 , 2025
इंदौर:कांग्रेस कार्यालय गांधीभवन पर एसआईआर और संगठन को लेकर बैठक हुई। बैठक पार्टी की राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश नई सह प्रभारी उषा नायडू ने ली। इस दौरान नायडू ने प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं, ब्लॉक अध्यक्षों, पार्षदों, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ वन-टू-वन चर्चा की। साथ ही […]

You May Like