सुरक्षाबलों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, प्रेशर आईईडी बरामद कर किया गया नष्ट

दंतेवाड़ा, 17 दिसंबर (वार्ता)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पील्लूर में सुरक्षाबलों ने एक प्रेशर आईईडी बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया, जिससे जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की जान को होने वाले संभावित खतरे को टाल दिया गया।

जिले के एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक 17 दिसंबर को केरिपु 214 वाहिनी कैंप पील्लूर की टीम जब नियमित अभियान पर निकली थी, उसी दौरान पील्लूर–मरवाड़ा मार्ग से लगभग 300 मीटर अंदर कच्चे रास्ते पर उन्हें संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की सघन तलाशी ली, जिसके परिणामस्वरूप जमीन में छिपाकर लगाया गया प्रेशर आईईडी बरामद हुआ। जांच में यह बात सामने आई कि माओवादियों ने इस विस्फोटक को बीयर की बोतल में प्रेशर मैकेनिज्म के साथ लगाया था।

इस विस्फोटक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बलों की गश्त या ग्रामीणों की आवाजाही के समय विस्फोट कर गंभीर जानमाल की क्षति पहुंचाना था, लेकिन सुरक्षाबलों की सजगता के कारण इसे समय रहते पहचान लिया गया। मौके पर केरिपु 214 वाहिनी की बम निरोधक एवं डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया, जिसने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को नियंत्रित ढंग से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षाबलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण देखा जा रहा है और प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

 

 

Next Post

चौथी मंजिल से गिरे छात्र की इलाज के दौरान मौत

Wed Dec 17 , 2025
भोपाल: शाहपुरा थाना इलाके में एक बिल्डिंग की चौथी मंजिल से नीचे गिरे 7वीं कक्षा के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक के साथ करीब एक सप्ताह पहले यह हादसा हुआ था. हमीदिया अस्पताल में उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम […]

You May Like

मनोरंजन