सामर्थ्य’ थीम पर केशव इंटरनेशनल स्कूल में मनाया गया अनोखा पेरेंट्स स्पोर्ट्स डे
झाबुआ: केशव इंटरनेशनल स्कूल बाड़कुआं में 19 दिसंबर, शुक्रवार को भव्य वार्षिक स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “सामर्थ्य आंतरिक शक्ति का प्रदर्शन” रखी गई है। जिसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ आत्मबल, नेतृत्व क्षमता और अभिभावक-बच्चों के बीच सशक्त संबंध को बढ़ावा देना है।
इस आयोजन की एक विशेष उपलब्धि यह है कि संपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन, संचालन एवं प्रबंधन कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा नेतृत्व करते हुए किया जा रहा है, जो विद्यालय की नेतृत्व विकास, जिम्मेदारी और अनुभवात्मक शिक्षा की सोच को दर्शाता है। पेरेंट्स-स्पोर्ट्स डे अंतर्गत अभिभावकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जहां वे अपने बच्चों के साथ विभिन्न खेलों में भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को यह संदेश देना है कि स्क्रीन से दूर रहकर बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना अत्यंत आवश्यक है।
उद्घाटन समारोह में केरल की पारंपरिक मार्शल आर्ट, कलारीपट्टू, ऊर्जावान एरोबिक्स प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों की संगीतमय प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही विज्ञान, कला, साहित्य, वैदिक गणित सहित विभिन्न विषयों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार देखने को मिलेगा। ‘सामर्थ्य’ थीम के माध्यम से केशव इंटरनेशनल स्कूल यह संदेश देना चाहता है कि वास्तविक शक्ति अनुशासन, आत्मविश्वास, पारिवारिक जुड़ाव और नेतृत्व से उत्पन्न होती है।
