बेटी की शादी का झांसा देकर 20 लाख हड़पे, जमीन भी निकली पराई

इंदौर: बेटी की शादी का बहाना बनाकर एक महिला से 20 लाख रुपए उधार लेना और बदले में ऐसी जमीन का एग्रीमेंट थमा देना, जो खुद के नाम पर ही दर्ज नहीं थी. इस धोखाधड़ी के मामले में लसूड़िया पुलिस ने एक किसान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि बिज्जू खेड़ी निवासी नीतू मदावाडिया की शिकायत पर गांव के ही रहने वाले जितेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है. शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में जितेंद्र सिंह ने अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए नीतू से 20 लाख रुपए की जरूरत बताई थी.

इस दौरान लिखापढ़ी की गई और आरोपी की पत्नी अनिता भी मौजूद थी. दोनों ने भरोसा दिलाया था कि यदि तय समय पर रुपए नहीं लौटा पाए तो अपनी जमीन नीतू के नाम कर देंगे. नीतू ने 3 से 4 किस्तों में 20 लाख रुपए नकद दिए. बदले में उसे आधी जमीन का एग्रीमेंट दिया. कुछ समय बाद जब नीतू को जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मिली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस जमीन का सौदा किया, वह जितेंद्र के नाम पर थी ही नहीं, बल्कि उसके पिता विक्रम सिंह के नाम दर्ज है.

इस पर नीतू ने जब जितेंद्र से सवाल किए तो उसने कहा कि तीन महीने बाद उसके पिता जमीन उसके नाम कर देंगे और फिर तय समय में रकम नहीं लौटाने पर जमीन नीतू के नाम कर दी जाएगी. इसके लिए उसने चार महीने का वक्त मांगा, लेकिन छह महीने गुजर जाने के बाद भी न तो रुपए लौटाए गए और न ही जमीन ट्रांसफर हुई. रुपए मांगने जब नीतू आरोपी के घर पहुंची तो वहां विवाद हो गया.

जितेंद्र के पिता विक्रम सिंह ने उस पर हमला करने की कोशिश की, जबकि उसका भाई जालिम सिंह जान से मारने की धमकी देने लगा. बाद में जितेंद्र ने साफ तौर पर नीतू को घर न आने की चेतावनी दी और कहा कि वह न तो रुपए लौटाएगा और न ही जमीन उसके नाम करेगा. पीड़िता की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र की एक होटल का मामला: लव जिहाद के आरोप बेबुनियाद, कंबल बेचने आए थे युवक-युवती- पुलिस

Tue Dec 16 , 2025
इंदौर: सरवटे बस स्टैंड इलाके के एक होटल में ठहरे युवक-युवती को लेकर उठे लव जिहाद के आरोपों को पुलिस ने शुरुआती जांच में खारिज कर दिया है. छोटी ग्वालटोली पुलिस का कहना है कि दोनों कंबल बेचने के लिए शहर आए थे और मामले में किसी तरह की साजिश […]

You May Like