मेक्सिको सिटी, 14 दिसंबर (वार्ता) कोलंबिया के उत्तर-पश्चिमी प्रांत एंटीओक्विया में रविवार को एक बस के खड्ड में गिर जाने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, यह बस कैरिबियन क्षेत्र के पर्यटक शहर टोलू से चली थी और भ्रमण पर गए बच्चों को लेकर लौट रही थी। एंटीओक्विया के गवर्नर आंद्रेस जूलियन रेंडन ने कहा कि यह दुर्घटना एंटीओक्विया के रेमेडियोस नगर पालिका में हुई। हालांकि दुर्घटना का कारण अभी भी अज्ञात है। उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है।
श्री रेंडन ने सोशल प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, “पूरा एंटीओक्विया प्रशासन समुद्र तट पर अपने स्नातक समारोह का जश्न मनाने के बाद बेलो नगर पालिका लौट रहे छात्रों से जुड़ी दुखद बस दुर्घटना में 17 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करता है।”
